एसीबी का ताबड़तोड़ एक्शन: दौसा में कर्मचारी गिरफ्तार, खुला रिश्वत का खेल
दौसा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दौसा जिले में एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में एसडीएम कार्यालय बांदीकुई में प्रतिनियुक्ति पर तैनात था।
एसीबी के अनुसार, आरोपी ने उपखंड अधिकारी (SDM) रामसिंह राजावत के नाम पर परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत ली। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 1064 पर परिवादी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि एसडीएम कोर्ट बांदीकुई में दायर एक मामले में स्टे आदेश दिलाने के एवज में 30 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के दौरान एसीबी टीम को 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक भूवन भूषण के सुपरवीजन में और चौकी प्रभारी शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी आदित्य शर्मा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

