तीन दिवसीय आयोजन में श्रद्धा का माहौल, गायत्री नगर जयपुर में धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
जयपुर। शहर के गायत्री नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। श्री दिगंबर जैन मंदिर गायत्री नगर, महारानी फार्म प्रबंध समिति जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत 24 घंटे के अखंड णमोकार महामंत्र पाठ के साथ की गई।
यह आयोजन 24 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक परम पूज्य आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार प्रातः 8:00 बजे मांगलिक क्रियाओं के साथ विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री द्वारा अखंड णमोकार महामंत्र पाठ का शुभारंभ कराया गया।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, उपाध्यक्ष अरुण शाह, मंत्री राजेश बोहरा, मनोज बोहरा, पुलक मंच की राष्ट्रीय महामंत्री बीना टोंग्या तथा मुनि वैय्यावृत्ति महिला समूह की अध्यक्ष प्रमिला शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज ने अपने गायत्री नगर प्रवास के दौरान विश्व णमोकार महामंत्र दिवस के अवसर पर 24 घंटे के अखंड पाठ का आह्वान किया था। उसी के तहत प्रत्येक घंटे के लिए विभिन्न श्रेष्ठी परिवारों को पाठ करने हेतु निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन अरुण शाह ने किया। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को अखंड णमोकार पाठ के समापन के बाद सुबह 8:30 बजे से णमोकार विधान का आयोजन किया जाएगा। वहीं रात्रि 8:00 बजे से युवा विंग द्वारा भक्ति संध्या का आयोजन रखा गया है।
वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन 26 अप्रैल को प्रातः 7:30 बजे से भगवान श्रीजी की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही मंदिर के शिखर में विराजमान जिन बिंबों का अभिषेक सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी संपन्न होंगे।
तीन दिवसीय इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


