सख्ती से अभियान चला, नशा तस्करों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद
अलवर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष अभियान के तहत अब तक 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 1 बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से 34.9 ग्राम स्मैक, 5 किलो 408 ग्राम गांजा, 3 किलो 999 ग्राम डोडा चूरा और 9 किलो 767 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है। लगातार दबिश देकर पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने का प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 24 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 40 प्रकरण दर्ज कर 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 5 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है।
अवैध हथियारों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वर्ष 2026 में अब तक 49 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 32 हथियार, 39 जिंदा कारतूस और 16 धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए एक्सप्रेस मार्ग पर भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 4927 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 लाख रुपये से अधिक के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने का भी आग्रह किया गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

