विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में महिला विद्यार्थियों का दबदबा, नारी शक्ति और राष्ट्रप्रेम पर विशेष जोर
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के 35वें दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन शनिवार को किया गया, जिसमें देश के उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र के निर्माता हैं और उन्हें अपने ज्ञान का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में करना चाहिए।
उप राष्ट्रपति ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को राष्ट्रहित से जोड़ें और नवाचार, उद्यमिता एवं अनुसंधान के माध्यम से देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “काम मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें”।
समारोह के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में वितरित किए गए 250 गोल्ड मेडल में से 197 महिला विद्यार्थियों ने प्राप्त किए हैं, जो बदलते भारत में नारी शक्ति की सशक्त भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने नारी शक्ति को राष्ट्र की नींव बताते हुए इसके सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को राष्ट्रप्रेम, नैतिकता और चरित्र को जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए गंभीर खतरा बताया और इससे दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, धैर्य और ईमानदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद राधामोहन अग्रवाल ने विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक है। कुलगुरु अल्पना कटेजा ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी।
समारोह के अंत में राज्यपाल द्वारा छात्र-छात्राओं को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


