कोतवाली क्षेत्र में कॉपीराइट उल्लंघन का मामला, नकली किताबों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
अलवर। अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चर्च रोड पर संचालित अग्रवाल पुस्तक भंडार पर नकली किताबों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। राजस्थान राज्य पाठ्य पुस्तक मंडल, जयपुर की टीम ने छापेमारी करते हुए करीब 2 हजार डुप्लीकेट किताबें जब्त की हैं।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। शिकायतों में दुकान पर नकली पाठ्य पुस्तकों की बिक्री की बात सामने आई थी। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच करने पर बड़ी संख्या में संदिग्ध पुस्तकें मिलीं, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि जब्त की गई किताबें कक्षा 1 से 12वीं तक की हैं, जिन्हें असली किताबों की तरह दिखाकर बेचा जा रहा था। कार्रवाई के बाद सभी जब्त पुस्तकें कोतवाली थाने पहुंचाई गईं, जहां अग्रवाल पुस्तक भंडार के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार में दुकानदार को भारी मुनाफा हो रहा था। नकली किताबें कम लागत में तैयार कर अधिक कीमत पर बेची जा रही थीं, जिससे दोहरा लाभ लिया जा रहा था। इससे न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि छात्रों और अभिभावकों को भी गुणवत्ता से समझौता करना पड़ रहा था।
राजस्थान राज्य पाठ्य पुस्तक मंडल की टीम ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही किताबें खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को दें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


