1 मई से शुरू होगी डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से जनगणना में सहभागिता का आह्वान
खैरथल-तिजारा। देश की पहली डिजिटल जनगणना 2027 का औपचारिक शुभारम्भ हो गया है। इस नई पहल के तहत खैरथल-तिजारा जिला प्रशासन ने आमजन से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने जिलेवासियों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि यह जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि जिले के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने परिवार का डेटा दर्ज कर सकेंगे। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी और समय की बचत भी होगी।
कलेक्टर अतुल प्रकाश ने कहा कि सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर पाएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में विकास की योजनाएं इसी डेटा पर निर्भर करेंगी।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी स्व-गणना पूरी करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि “आपकी भागीदारी से ही जिले का विकास तय होगा। आइए, डिजिटल माध्यम से जनगणना को सफल बनाएं और विकसित खैरथल-तिजारा, विकसित राजस्थान एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्व-गणना पोर्टल पर दर्ज की गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

