मानवता के पक्ष में थीम के साथ रेड क्रॉस भवन में होगा सम्मान समारोह और रक्तदान शिविर
अलवर। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, अलवर द्वारा विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर 8 मई को रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम “मानवता के पक्ष में” थीम पर आयोजित होगा।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस भवन, 3 मोती डूंगरी में किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आईपीएस प्रियंका यदुवंशी होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व प्रसिद्ध कवि बलबीर सिंह करूण करेंगे।
उन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:15 बजे रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा।
मेडिकल मोबाइल यूनिट्स से जुड़े कर्मचारी होंगे सम्मानित
रेड क्रॉस सोसायटी के अनुसार आरईसी लिमिटेड, गुड़गांव के साथ हुए एमओयू के तहत अलवर, राजगढ़, रामगढ़, खैरथल-तिजारा और बहरोड़-कोटपूतली क्षेत्रों में पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट्स संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक यूनिट में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और ड्राइवर कार्यरत हैं। कार्यक्रम में इन यूनिट्स से जुड़े कई कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
1863 में हुई थी रेड क्रॉस की स्थापना
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. रूप सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस की स्थापना वर्ष 1863 में हेनरी ड्यूनेन्ट द्वारा जेनेवा में की गई थी। इसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड के जेनेवा शहर में स्थित है।
उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस को वर्ष 1917, 1944 और 1963 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। संस्था का मुख्य उद्देश्य युद्ध और आपदा के समय जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना है। विश्व रेड क्रॉस दिवस प्रतिवर्ष 8 मई को मनाया जाता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

