कोलकाता | पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुवेंदु अधिकारी के साथ मंच तक एक छोटा रोड शो किया। इस दौरान सुवेंदु पारंपरिक भगवा कुर्ते में नजर आए। मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने बंगाल भाजपा के 98 वर्षीय वयोवृद्ध कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को गले लगाया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
दिग्गजों का जमावड़ा और सुवेंदु पर 'बड़ों' का स्नेह
शपथ ग्रहण के बाद जैसे ही सुवेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे, उन्होंने झुककर प्रणाम किया। प्रधानमंत्री ने न केवल उनकी पीठ थपथपाई, बल्कि उनके कान में कुछ विशेष संदेश भी दिया। इसके तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह ने गर्मजोशी दिखाते हुए सुवेंदु की पीठ छह बार थपथपाई। जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे, तो योगी ने उन्हें विशेष रूप से भगवा अंगवस्त्र भेंट किया। सुवेंदु के साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर उमड़ा एनडीए का शक्ति प्रदर्शन
यह समारोह केवल एक शपथ ग्रहण न रहकर एनडीए के शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। मंच पर देश के तमाम कद्दावर नेता मौजूद थे, जिनमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन प्रमुख थे। साथ ही योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, हिमंत बिस्व सरमा और चंद्रबाबू नायडू सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सहयोगी दलों से चिराग पासवान, जयंत चौधरी, जीतनराम मांझी और सुनेत्रा पवार जैसे नेताओं की मौजूदगी ने गठबंधन की मजबूती का संदेश दिया। बंगाल भाजपा की ओर से मिथुन चक्रवर्ती और अग्निमित्रा पॉल जैसे चेहरे भी नए मंत्रिमंडल के स्वागत के लिए मंच पर आसीन थे।


