मुख्यमंत्री के पीए की हत्या मामले में तीन गिरफ्तार, यूपी-बिहार से जुड़े तार
कोलकाता। सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कोलकाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों का संबंध उत्तर प्रदेश और बिहार से सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों में से दो बिहार के बक्सर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं तीसरा आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है, जो वर्तमान में बक्सर में रह रहा था।
मामले में एक आरोपी की पहचान राज सिंह के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक आरोपी लखनऊ की ओर से हाईवे मार्ग से आ रहा था। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर कोलकाता पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
अयोध्या के पुलिस अधीक्षक (नगर) चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हालांकि स्थानीय पुलिस फिलहाल ऑपरेशन से जुड़े विस्तृत तथ्यों का खुलासा करने से बच रही है।
कोलकाता पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की वजह, संभावित साजिश और अन्य सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

