सामान्य चिकित्सालय सहित मेडिकल कॉलेज का जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण, हीटवेव प्रबंधन और साफ-सफाई पर दिया जोर
अलवर। आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को राजीव गांधी सामान्य अस्पताल, महिला अस्पताल, शिशु अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने ओपीडी, मेडिकल एवं सर्जिकल वार्ड, रामाश्रय वार्ड, दवा वितरण केंद्र और पार्किंग क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामान्य चिकित्सालय में मल्टी स्टोरेज पार्किंग निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाई जाए।

उन्होंने निर्माणाधीन 100 बेडेड वार्ड की ओर जाने वाली सड़क को गुणवत्ता के साथ 15 जून तक पूर्ण करने तथा वार्ड भवन के शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही एसटीपी कार्य में तेजी लाने को कहा।
जिला कलक्टर ने मरीजों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से पर्ची काउंटर एवं ओपीडी के बाहर डिजिटल स्क्रीन लगाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान परिजनों ने शौचालयों की साफ-सफाई तथा वार्डों में निराश्रित श्वानों के प्रवेश की समस्या से अवगत कराया।
इस पर जिला कलक्टर ने अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि नगर निगम की टीम के माध्यम से तीनों अस्पतालों में निराश्रित श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अस्पतालों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर देते हुए सामान्य चिकित्सालय से कचरा उठाने के लिए डेडिकेटेड ऑटो टिपर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्डों में कूलर, पंखे और एसी चालू स्थिति में पाए गए, हालांकि दो एसी पूर्ण क्षमता से संचालित नहीं मिले। इस पर जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि हीटवेव और लू-तापघात से बचाव के लिए अस्पतालों में सभी शीतलन उपकरण सुचारू रूप से संचालित रहें तथा खराब होने पर तुरंत ठीक कराए जाएं।
उन्होंने शीतल पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश भी दिए। इसके बाद जिला कलक्टर ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा शहर में चल रही नालों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, सहायक कलक्टर अरविंद कविया, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. दिनेश सूद, पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


