सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत त्रिपोलिया महादेव मंदिर में कलश यात्रा, विशेष अभिषेक और लाइव प्रसारण आकर्षण का केंद्र रहे
अलवर। सोमनाथ मंदिर पर प्रथम आक्रमण के एक हजार वर्ष एवं मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी स्तर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अलवर जिला स्तर पर त्रिपोलिया महादेव मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसका सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया

देवस्थान विभाग के निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि त्रिपोलिया महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत महिला मंडल द्वारा मथुराधीश मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो त्रिपोलिया महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान मंदिर में रुद्राष्टाध्यायी पाठ, विशेष अभिषेक तथा भगवान सोमनाथ की आकर्षक झांकी और दिव्य श्रृंगार दर्शन कराए गए। महाआरती के समय मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लाइव दर्शन भी कराए गए। इसके साथ भगवान का दुग्धाभिषेक, शयन आरती और प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


