More
    Homeखेलदिग्गज ने कर डाली चौंकाने वाली भविष्यवाणी

    दिग्गज ने कर डाली चौंकाने वाली भविष्यवाणी

    नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 20 जून से होना है। इस टेस्ट सीरीज के जरिए नए युग की शुरुआत होने जा रही है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल नए टेस्ट कप्तानी युग की शुरुआत करेंगे। यह 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की पहली सीरीज होगी।

    इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून को लीड्स के हेडिंग्ले में खेला जाना है। इस सीरीज से पहले ही विजेता कौन होगा, इसको लेकर भविष्यवाणी का दौर शुरू हो गया है। इस कड़ी में साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी तगड़ी वाली भविष्यवाणी कर दी। उन्होंने जियो हॉटस्टार से बातचीत में यह भी बताया कि टीम इंडिया कितने मैच जीतेगी और सीरीज किसके नाम होगी।

    डेल स्टेन ने बताया भारत या इंग्लैंड में से कौन जीतेगा टेस्ट सीरीज 
    दरअसल, इंग्लैंड और भारत के बीच हेडिंग्ले में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से पहले दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने सीरीज को लेकर अपनी भविष्यवाणी की है। स्टेन का मानना है कि यह सीरीज बहुत करीबी होगी, लेकिन अंत में इंग्लैंड 3-2 से जीत हासिल करेगा।

    जियोहॉटस्टार पर बात करते हुए स्टेन ने कहा,
    "सभी मैच करीबी होंगे, लेकिन हर मैच का नतीजा निकलेगा। मुझे लगता है कि यह 3-2 से इंग्लैंड के पक्ष में रहेगा। किसी भी टीम के लिए कोई एकतरफा जीत नहीं होगी, सभी पांचों मैच बहुत करीबी होंगे।"

    वहीं, उनके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपनी कप्तानी के तरीके के बारे में बात करते हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सभी कप और ट्रॉफियों को एक तरफ रख दें तो मैं एक ऐसा माहौल बनाना चाहूंगा जहां हर कोई बहुत सुरक्षित और खुश महसूस करें।

    गिल ने इसको लेकर आगे कहा,
    "मैं जानता हूं कि यह एक बहुत मुश्किल माहौल हो सकता है, खासकर इतनी प्रतियोगिता या जितने मैच हम खेलते हैं और अलग-अलग टीमें आती रहती हैं, लेकिन अगर मैं ऐसा कर पाता हूं, तो यही मेरा लक्ष्य होगा।"

    गिल की कप्तानी में इतिहास रचेगी टीम इंडिया?
    इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतना भारत के लिए हमेशा से मुश्किल रहा है। पिछले 100 सालों में भारत ने इंग्लैंड में केवल तीन बार ही टेस्ट सीरीज जीती है। ये ऐतिहासिक जीत 1971, 1986 और 2007 में मिली थी।

    इन सभी में खास बात ये रही कि हर बार इन जीत में टीम इंडिया के लिए एक नया कप्तान या पहली बार कप्तानी कर रहे खिलाड़ी की अहम भूमिका रही। 1971 में अजित वाडेकर, 1986 में कपिल देव और 2007 में राहुल द्रविड़,इन कप्तानों ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थीं। अब ऐसी उम्मीद नए कप्तान शुभमन गिल से की जा रही हैं।

    भारत की टेस्ट टीम इस प्रकार
    शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here