More
    Homeअपराधअलवर जंक्शन से युवक का अपहरण, 3 घंटे में पुलिस का बड़ा...

    अलवर जंक्शन से युवक का अपहरण, 3 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन

    फिरौती मांगकर हरियाणा भाग रहे बदमाश नूंह बॉर्डर से गिरफ्तार, युवक को सकुशल छुड़ाया

    अलवर। अलवर शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में अलवर रेलवे जंक्शन के बाहर हुए युवक के अपहरण मामले का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा कर अपहृत युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने हरियाणा बॉर्डर के नूंह क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित दो बदमाश अब भी फरार हैं।

    जानकारी के अनुसार जोधपुर निवासी उम्मेद सिंह अपने दो दोस्तों के साथ अलवर घूमने आया था। जैसे ही तीनों दोस्त अलवर रेलवे जंक्शन से बाहर निकले, तभी कुछ बदमाशों ने उम्मेद सिंह को जबरन थार गाड़ी में डाल लिया और हरियाणा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

    पांच लाख की फिरौती मांगी, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन बना सुराग

    अपहरणकर्ताओं ने युवक के परिजनों को फोन कर पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी। भय के चलते परिजनों ने पहले 50 हजार और बाद में 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। यही ऑनलाइन पेमेंट पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।

    सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक शहर अंगद शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी सहायता से पुलिस उस बैंक खाते तक पहुंची, जिसमें फिरौती की रकम ट्रांसफर की गई थी। खाताधारक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।

    थार बदलकर क्रेटा में भागे बदमाश

    पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है और अलवर में यह उनकी पहली बड़ी घटना मानी जा रही है। पुलिस लगातार पीछा कर रही थी, जिसकी भनक लगते ही बदमाशों ने रास्ते में थार गाड़ी बदलकर क्रेटा कार ले ली।

    इसके बावजूद पुलिस ने पीछा जारी रखा और आखिरकार भिवाड़ी-हरियाणा बॉर्डर के पास नूंह क्षेत्र में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साहिद उर्फ जाहुल, नौफिल और नौसाद को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कार जब्त की है। वहीं मुख्य आरोपी आवेद सहित दो अन्य बदमाश फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

    अपहृत युवक बोला- पुलिस नहीं पहुंचती तो जान को खतरा था

    अपहरण से मुक्त हुए उम्मेद सिंह ने बताया कि बदमाश लगातार उसके साथ मारपीट कर रहे थे और पैसे नहीं मंगवाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। करीब तीन घंटे तक उसे हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में घुमाया गया।

    उम्मेद सिंह ने कहा कि अगर अलवर पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती तो उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच सकी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here