भड़ाणा ने देवनारायण आवासीय विद्यालय बालेटा का निरीक्षण कर छात्रों के शैक्षणिक स्तर को परखा, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
अलवर। देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा ने मंगलवार को ग्राम पंचायत सावडी में आयोजित ग्राम रथ यात्रा का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक रहकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
ओमप्रकाश भड़ाणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम पंक्ति तक के जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से कृषि, पशुपालन सहित 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का लिया जायजा
ग्राम रथ यात्रा के अवलोकन के बाद उन्होंने ग्राम पंचायत बुर्जा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय देवनारायण आवासीय विद्यालय बालेटा का निरीक्षण किया। विद्यालय में आवासित छात्रों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया तथा उनके शैक्षणिक स्तर को भी परखा।
विद्यालय संचालन में सुधार के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान ओमप्रकाश भड़ाणा ने विद्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कार्मिकों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निरीक्षण में मिली कमियों पर नाराजगी जताते हुए आवासीय विद्यालय के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, उपखंड अधिकारी मालाखेड़ा सुश्री नवज्योति कावरिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वहीं मुन्नालाल शर्मा और राजेंद्र कसाणा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


