स्कीम नंबर-8 की पानी की टंकी का पाइप फटने से 10 से 12 लाख लीटर पानी हुआ बर्बाद, जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
अलवर। शहर की स्कीम नंबर-8 स्थित जलदाय विभाग की बड़ी पानी की टंकी में बुधवार सुबह अचानक पाइप फटने से भारी मात्रा में पानी बर्बाद हो गया। पाइप फटते ही तेज बहाव के साथ पानी सड़क और आसपास के क्षेत्रों में फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में करीब 10 से 12 लाख लीटर पानी कुछ ही समय में बह गया। भीषण गर्मी के बीच इतनी बड़ी मात्रा में जल की बर्बादी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
घटना सुबह जलापूर्ति शुरू करने के दौरान हुई। पाइप फटने की सूचना मिलते ही जलदाय विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पंप हाउस पर तैनात राहुल सैनी ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल विभागीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइप फटने के बाद पानी तेज दबाव के साथ बाहर निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में आसपास की सड़कें जलमग्न हो गईं। कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में पहले से ही पेयजल संकट बना हुआ है। ऐसे समय में लाखों लीटर जल का इस तरह बह जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने मांग की है कि जलदाय विभाग समय-समय पर पाइप लाइन और टंकियों की तकनीकी जांच करवाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पाइप लाइन की जांच की जा रही है और मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि रिपेयरिंग के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
गर्मी के मौसम में लगातार बढ़ती पानी की मांग के बीच इस घटना ने विभाग की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

