ऑपरेशन एंटी वेनम के तहत तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने स्विफ्ट कार भी जब्त की
अलवर। अलवर जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन एंटी वेनम एवं ऑपरेशन विजय प्रहार के तहत शिवाजी पार्क थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 53 किलो 660 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है।
सीओ सिटी अंगद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चन्द्रशेखर शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में गश्त और आसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान बहरोड़ रोड पर एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी मायाराम पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गढ़ी ठाकुरान, थाना पचोखरा, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 33 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांजे की सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है।
पूरे मामले की जानकारी शिवाजी पार्क थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया को दी गई। इस कार्रवाई में शिवाजी पार्क थाना पुलिस और डीएसटी टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


