वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत 5 जून तक चलेंगी पर्यावरण, स्वच्छता और पौधारोपण की विशेष गतिविधियां
अलवर। जिले में 25 मई से 5 जून तक ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जिलेभर में आयोजित होंगी। जिला प्रशासन ने अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 के राज्य स्तरीय समापन समारोह में किया जाएगा। इस दौरान अभियान की थीम और थीम सॉन्ग का लोकार्पण भी होगा।
अभियान के दौरान जल संसाधन विभाग द्वारा नदियों, बांधों, सरोवरों और नहरों पर पूजन कार्यक्रम, सफाई अभियान, कैच द रेन कार्यक्रम और जल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग प्रभात फेरियां निकालेगा और राजीविका द्वारा कलश यात्रा, पीपल पूजन, पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
26 मई को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक, जल संरक्षण संकल्प और अमृत सरोवरों के शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 मई को जिला स्तरीय कार्यक्रमों के साथ पशु चिकित्सालयों, गौशालाओं और दुग्ध संघों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
28 मई को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर ‘वंदे गंगा जल सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। पेयजल स्रोतों की सफाई और जल परीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। उद्योग विभाग सीएसआर कार्यशाला आयोजित कर ग्रीन ऑफिस और ऊर्जा संरक्षण की जानकारी देगा।
29 मई को तालाबों, जोहड़ों और गांवों के जल स्रोतों की सफाई व मरम्मत का कार्य किया जाएगा। 30 मई और 4 जून को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत जल चौपाल, पौधारोपण और जल संरक्षण संरचनाओं का अवलोकन किया जाएगा।
31 मई को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी, साइकिल रैली और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। स्वयंसेवी संस्थाएं श्रमदान कर जल स्रोतों की सफाई करेंगी। 1 जून को कृषि एवं उद्यान विभाग प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई और किसान चौपाल का आयोजन करेगा।
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण, तुलसी वितरण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले भामाशाहों, संस्थाओं और जल योद्धाओं को ‘जल गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न विभागों के समन्वय से जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरण किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


