आगरा| ताजनगरी के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक महिला नर्स के साथ सड़क पर बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी सवार दो युवकों ने पहले नर्स को टक्कर मारी और जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप यह भी है कि वह किसी तरह दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले आईं, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें छोड़ दिया। इस पर हुए हंगामे के बाद पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नगला पदी इलाके की रहने वाली पीड़िता नीलम ने बताया कि वह एसएन मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ के रूप में तैनात हैं। बीते 18 मई को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। जैसे ही वह न्यू आगरा थाने के सामने पहुंचीं, तभी स्कूटी पर सवार दो अज्ञात लड़कों ने उन्हें टक्कर मार दी। जब उन्होंने टोकना चाहा, तो दोनों युवक अभद्रता पर उतारू हो गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।पीड़िता के अनुसार, उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया और थाने ले आईं। यह पूरी वारदात भगवान टॉकीज चौराहे और थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। उन्होंने मौके से डायल 112 को भी फोन कर इसकी जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद भी वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाने के बजाय दोनों को छोड़ दिया।
इस मामले पर न्यू आगरा के थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की शिकायत पर एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


