ठेकेदार पर मारपीट और सरकारी रिकॉर्ड छीनने का आरोप, कर्मचारी बोले — “अब घर से निकलने में भी डर लगता है”
अलवर। नगर निगम अलवर में सहायक लेखाधिकारी के साथ मारपीट और सरकारी रिकॉर्ड छीनने के मामले में आरोपी ठेकेदार की गिरफ्तारी नहीं होने पर कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। नगर निगम कर्मचारी संगठन ने शहर कोतवाली में दर्ज एफआईआर संख्या 0268/2026 के आधार पर आरोपी ठेकेदार प्रवीण चौधरी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को नगर निगम की लेखा शाखा के कक्ष संख्या 21 में सहायक लेखाधिकारी हरीश चन्द जैन और कर्मचारी वसीम खान के साथ कथित रूप से ठेकेदार प्रवीण चौधरी ने धक्का-मुक्की, मारपीट और गाली-गलौज की। कर्मचारियों का आरोप है कि आरोपी ने सरकारी रिकॉर्ड भी छीन लिया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया।
कर्मचारी संगठन के अनुसार घटना के दिन ही शहर कोतवाली में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन करीब पांच दिन बाद 17 मई को मामला दर्ज किया गया। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में भय और नाराजगी बनी हुई है।
सहायक लेखाधिकारी हरीश जैन ने कहा कि आरोपी ठेकेदार रोजाना नगर निगम परिसर में खुलेआम घूम रहा है और कर्मचारियों को डराने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें घर से निकलने और नौकरी करने में भी डर महसूस होने लगा है।
नगर निगम कर्मचारी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और बदसलूकी के मामले दर्ज हो चुके हैं, इसलिए कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


