बड़ी कार्रवाई में लैपटॉप बरामद: महाराष्ट्र कनेक्शन वाले मामले में डीग पुलिस को मिली सफलता
डीग। राजस्थान के डीग जिले में पहाड़ी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के 464 नए लैपटॉप बरामद कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के नागपुर जिले के पारशिवनी थाना क्षेत्र में लैपटॉप चोरी और षड्यंत्र का मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में वांछित मुख्य आरोपी अजरूद्दीन उर्फ हजरूद्दीन पुत्र इदरीश निवासी गांव खल्लूका थाना पहाड़ी जिला डीग को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से मोटरोला कंपनी के 464 नए लैपटॉप बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार को भी जब्त किया है। पहाड़ी थाना पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम को कानि सहाबुद्दीन से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले भी इसी प्रकार की वारदातों के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस बाकी लैपटॉप की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। जिले में चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


