दर्दनाक हादसे से मचा कोहराम: खेलते-खेलते कार में फंसीं दो सगी बहनों की गई जान
अलवर। शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित खुदनपूरी में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेलते-खेलते कार में बंद हुई दो मासूम सगी बहनों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार मृतक बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि परिवार मूल रूप से बेड़म क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में खुदनपूरी में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां घर के पास खेलते-खेलते एक कार सर्विस सेंटर पर पहुंच गईं, जहां एक कार खड़ी हुई थी। खेल-खेल में दोनों कार के अंदर बैठ गईं, लेकिन अचानक कार के गेट लॉक हो गए और दोनों बाहर नहीं निकल सकीं।
काफी देर तक बच्चियों के नजर नहीं आने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सर्विस सेंटर पर खड़ी कार के अंदर दोनों बच्चियां बेसुध हालत में मिलीं। उन्हें तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दम घुटने के कारण दोनों मासूमों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बालिकाओं के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हादसे के बाद खुदनपूरी इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियों की मां का चार साल पहले ही निधन हो चुका था। मां के बाद पिता रमेश अपनी दोनों बेटियों के सहारे जीवन बिता रहे थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

