More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़Ambikapur News: बिजली समस्या को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ खोला...

    Ambikapur News: बिजली समस्या को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

    अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के मुख्य शहर अंबिकापुर में लगातार बढ़ते पारे और सूरज के तीखे तेवरों ने आम जनजीवन बेहाल कर दिया है। शहर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है, वहीं दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती ने स्थानीय नागरिकों की रातों की नींद और दिन का चैन छीन लिया है। शहर में स्थिति यह है कि 24 घंटे के भीतर 24 से अधिक बार बिजली गुल हो रही है। पिछले तीन दिनों से यह समस्या इतनी विकट हो गई है कि उपभोक्ताओं का सब्र का बांध टूट गया। बीती रात उमस और गर्मी से परेशान सैकड़ों नागरिकों ने बिजली दफ्तर धाबा बोल दिया और परिसर का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए बिजली विभाग के कर्मचारी दफ्तर छोड़कर बाहर भाग खड़े हुए।

    कॉल सेंटर पर फोन उठाना बंद, रोज आ रहीं सैकड़ों शिकायतें

    अंबिकापुर शहर की विद्युत व्यवस्था को चार प्रमुख जोन में बांटा गया है और उपभोक्ताओं की मदद के लिए तीन कॉल सेंटर संचालित हैं। इन दिनों अघोषित और लगातार हो रही ट्रिपिंग के कारण कॉल सेंटरों में शिकायतों की बाढ़ आ गई है। हर सेंटर पर प्रतिदिन 100 से 150 शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार फोन करने के बावजूद ऑपरेटर या तो कॉल रिसीव नहीं करते या फिर फोन व्यस्त आता है। शिकायत दर्ज होने के कई घंटों बाद भी बिजली बहाल नहीं हो पाती। बीती रात मायापुर स्थित बिजली कार्यालय के अंतर्गत आने वाले इलाकों में करीब डेढ़ घंटे तक घोर अंधेरा छाया रहा, जिससे भड़के लोगों ने दफ्तर पहुंचकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

    व्यापार पूरी तरह ठप, दुकानों में बैठना हुआ दूभर

    बिजली की इस आंख-मिचौली से केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि शहर का व्यापारिक वर्ग भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन के समय बार-बार बिजली कटने से इलेक्ट्रॉनिक और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कामकाज ठप पड़ गया है। बाजारों का जायजा लेने पर पता चला कि दुकानों में बिना बिजली के बैठना भी नामुमकिन हो गया है। दुकानदार और ग्राहक दोनों ही पसीने से तर-बतर नजर आ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण लोग दुकानों से कूलर और एसी तो धड़ल्ले से खरीद रहे हैं, लेकिन बिजली न रहने के कारण वे घर जाकर भी इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं, जिससे जनता में भारी निराशा है।

    बस स्टैंड पर यात्री बेहाल, पंखों से निकल रही गर्म हवा

    बिजली संकट और तपती धूप का सबसे बुरा असर अंबिकापुर बस स्टैंड पर देखने को मिल रहा है। नगर निगम प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए यहाँ बड़े पंखे तो लगवाए गए हैं, लेकिन बिजली गुल रहने के कारण वे शोपीस बनकर रह गए हैं। जब बिजली रहती भी है, तो अत्यधिक तापमान की वजह से इन पंखों से इतनी गर्म हवा निकलती है कि यात्रियों को लू का अहसास होने लगता है। दूर-दराज का सफर करने वाले मुसाफिर बस स्टैंड के छांव वाले हिस्सों में बैठकर जैसे-तैसे समय काट रहे हैं।

    इंडक्शन और ई-व्हीकल के बढ़ते उपयोग से डेढ़ गुना बढ़ी खपत: विद्युत विभाग

    अंबिकापुर में बिजली आपूर्ति की इस गंभीर स्थिति पर सफाई देते हुए विद्युत कंपनी के अधीक्षण अभियंता (सुप्रिंटेंडिंग इंजीनियर) के.एन. सिंह ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण शहर में बिजली की कुल खपत सामान्य से डेढ़ गुना तक बढ़ गई है। इस अत्यधिक लोड की वजह से कई इलाकों में ट्रांसफार्मर गर्म होकर जल रहे हैं और अन्य तकनीकी उपकरण फेल हो रहे हैं, जिसके कारण सप्लाई बाधित हो रही है।

    अधिकारी ने एक और रोचक वजह बताते हुए कहा कि इन दिनों घरेलू एलपीजी गैस की किल्लत के चलते अधिकांश घरों में खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल अचानक बढ़ गया है। इसके साथ ही पेट्रोल की कमी के कारण लोग तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-व्हीकल) की तरफ शिफ्ट हुए हैं, जिन्हें चार्ज करने में भारी बिजली लग रही है। इन तमाम कारणों से ग्रिड पर भारी दबाव पड़ा है, जिसका सीधा असर बिजली सप्लाई पर दिख रहा है। प्रशासन जल्द ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास कर रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here