25 मई को मंगलानसर बांध से होगा वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का भव्य शुभारंभ, जल संरक्षण-सफाई पर रहेगा विशेष फोकस
अलवर। जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को आमजन का अभियान बनाते हुए जनआंदोलन के रूप में क्रियान्वित किया जाए।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में राज्य सरकार द्वारा भूजल स्तर बढ़ाने एवं जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 25 मई से 5 जून तक ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में अभियान का शुभारंभ गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर 25 मई को प्रातः 11 बजे राजगढ़ स्थित मंगलानसर बांध पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व है, जिसमें गांव स्तर तक आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जल स्रोतों की सफाई, वर्षा जल संरक्षण, पौधारोपण, श्रमदान, जनजागरूकता कार्यक्रम, गांवों में कलश यात्रा, पीपल पूजन, प्रभात फेरी एवं जल संरचनाओं के पुनर्जीवन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर तक गतिविधियों की मॉनिटरिंग मोबाइल एप एवं रियल टाइम रिपोर्टिंग व्यवस्था के माध्यम से की जाए। साथ ही अभियान के दौरान किसानों को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी जाए, ताकि उन्नत कृषि, जल प्रबंधन एवं फसल विविधीकरण जैसे नवाचारों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रबुद्धजनों एवं आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर इसे जन-जन का अभियान बनाया जाए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवीन्द्र, एडीएम प्रथम योगेश डागुर, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय खत्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


