स्त्री रोग और चर्म रोग विषय पर चिकित्सकों को मिला विशेष प्रशिक्षण, 400 से अधिक आयुर्वेद विशेषज्ञ हुए शामिल
कोटा। राष्ट्रीय आयुर्वेद कार्यशाला के दूसरे दिन स्त्री रोग एवं चर्म रोग विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्याख्यान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यशाला में देशभर से आए 400 से अधिक आयुर्वेद चिकित्सकों ने भाग लेकर आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि आयुर्वेद विभाग के विशेषाधिकारी राजेश भारद्वाज रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव डॉ. किशोरी लाल शर्मा, अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग कोटा डॉ. अंजना शर्मा, चिकित्सक प्रकोष्ठ प्रभारी राजस्थान डॉ. पवन सिंह शेखावत, प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा एवं प्रांत प्रभारी डॉ. संजय नागर मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व आयुर्वेद परिषद राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने की।
विश्व आयुर्वेद परिषद राजस्थान के महासचिव विनोद गौतम ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन राजकीय वैद्य दाऊदयाल जोशी आयुर्वेद महाविद्यालय कोटा के धन्वंतरि सभागार में किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आयुर्वेद चिकित्सकों के कौशल विकास में विश्व आयुर्वेद परिषद राजस्थान की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ समन्वित रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय सचिव डॉ. किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि संगठन ने पांच वर्ष पूर्व जो संकल्प लिया था, उसे कार्यकर्ताओं के सहयोग से सिद्धि तक पहुंचाया गया है। वहीं प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने संगठन के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला में स्त्री एवं प्रसूति रोगों पर विशेषज्ञ व्याख्यान डॉ. सिद्धेश्वर सथूआ द्वारा दिए गए, जबकि चर्म रोगों पर डॉ. योगेश वाने ने प्रशिक्षण प्रदान किया। चिकित्सकों को विभिन्न रोगों के आयुर्वेदिक उपचार, निदान एवं नवीन चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विश्व आयुर्वेद परिषद चिकित्सक प्रकोष्ठ की ओर से 6 जून से शुरू होने वाली ऑनलाइन सीरीज के पोस्टर का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पीजी छात्रों के लिए आयोजित प्रथम स्वर्गीय प्रो. जितेंद्र भार्गव स्मृति राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रो. जितेंद्र भार्गव की धर्मपत्नी श्रीमती रतन भार्गव एवं उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन अध्यक्ष डॉ. निरंजन गौतम ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


