फाजिल्का। पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास फाजिल्का पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन में नशा तस्करों और देश विरोधी तत्वों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया है। सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान सीमा के नजदीक से भारी मात्रा में हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। वहीं, एक अन्य बड़ी सफलता में पुलिस ने खूंखार अपराधियों को जिंदा हैंड ग्रेनेड (हथगोले) के साथ दबोचा है। इस दोहरी कार्रवाई से सीमा पार बैठे हैंडलर्स में हड़कंप मच गया है।
सरहद के खेतों में मिला संदिग्ध बोरा, निकली ₹11 किलो की हेरोइन
फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जलालाबाद पुलिस की टीम इलाके में रूटीन गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच बीएसएफ की गट्टी बीसो चौकी के एसी मुकेश कुमार से इनपुट मिला कि भारत-पाक सीमा से सटे गांव प्रभात सिंह वाला हिठाड़ के खेतों में एक लावारिस संदिग्ध बोरा देखा गया है। सूचना मिलते ही डीएसपी जलालाबाद गुरसेवक सिंह के नेतृत्व में पुलिस और बीएसएफ ने जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जब उस बोरे को खोला गया, तो उसमें से सफेद पारदर्शी पैकेटों में बंद 10 किलो 950 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना सदर जलालाबाद में अज्ञात पाकिस्तानी व भारतीय तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीआईए स्टाफ की नाकेबंदी में फंसे 3 आरोपी, कब्जे से मिला जिंदा हैंड ग्रेनेड
पुलिस की दूसरी बड़ी कामयाबी फाजिल्का के सीआईए (CIA) स्टाफ को मिली। इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कोई बड़ी वारदात होने वाली है। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए नाकेबंदी की और एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तीन आरोपियों— लखवीर सिंह उर्फ मंगा, गुरपिंदर सिंह उर्फ मन्ना और सुखविंदर सिंह उर्फ लब्बी को गिरफ्तार कर लिया। जब इन आरोपियों की बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए; इनके पास से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।
अमृतसर से लाया गया था ग्रेनेड, चौथा साथी सलीम भी दबोचा गया
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपने चौथे साथी सलीम का नाम उगला। आरोपियों ने कुबूल किया कि सलीम भी इस साजिश का हिस्सा था और वह इस खतरनाक ग्रेनेड की डिलीवरी लेने के लिए उनके साथ अमृतसर गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलीम को भी धर दबोचा है। इस पूरे मामले में थाना अरनीवाला में आर्म्स और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी का निकला पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, पोक्सो और दुष्कर्म का है दोषी
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह भी सामने आया है कि इस गैंग का मुख्य सरगना लखवीर सिंह उर्फ मंगा एक पेशेवर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही पोक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म (Rape) जैसे कई अन्य गंभीर और जघन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि इन आरोपियों को यह हैंड ग्रेनेड अमृतसर में किसने सप्लाई किया था और क्या इनके तार सरहद पार बैठे किसी आतंकी नेटवर्क या ड्रोन तस्करी से जुड़े हैं।


