सचिव ने राजगढ़ में की समीक्षा बैठक, हीटवेव प्रबंधन, बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा
राजगढ़। जिला प्रभारी सचिव एवं स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन ने सोमवार को राजगढ़ पंचायत समिति सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं, हीटवेव प्रबंधन, बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी सचिव रवि जैन ने ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जलदाय विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों से समर कंटीजेंसी प्लान और इमरजेंसी कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाए और खराब हैंडपंपों को तत्काल ठीक कराया जाए। साथ ही अस्पतालों एवं आवश्यक सेवाओं वाले स्थानों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पशु-पक्षियों के लिए भी गर्मी में पानी की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। प्रभारी सचिव ने संबंधित विभागों को परिंडे और खेलियों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सीएमएचओ को हीटवेव से बचाव के लिए अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए। अस्पतालों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, पेयजल, कूलर, पंखे, एसी और साफ-सफाई की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
प्रभारी सचिव ने बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि विभागीय समन्वय के साथ योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए, ताकि आमजन को जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा करते हुए योजनाओं में सैचुरेशन स्तर तक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों की प्रभावी मॉनिटरिंग कर पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, एडीएम प्रथम योगेश डागुर, डीएफओ राजेंद्र हुड्डा, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरुका, एसई जेवीवीएनएल आर.एस. बंसल, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र सैनी, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


