महंगाई पर पुराने बयान याद दिलाकर जूली ने मोदी सरकार को घेरा
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया है।
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि कर केंद्र सरकार ने आम आदमी की जेब पर सीधा असर डाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय जनता को राहत के दावे करती है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही महंगाई बढ़ाकर लोगों को परेशान किया जाता है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी को भी केंद्र सरकार की विफलता बताते थे। जूली ने सवाल उठाया कि जो फैसले पहले गलत माने जाते थे, वही अब सही कैसे हो गए।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय नरेन्द्र मोदी बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग करते थे, लेकिन आज खुद प्रधानमंत्री बनने के बाद महंगाई पर मौन साधे हुए हैं।
टीकाराम जूली ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भजनलाल शर्मा पेट्रोल-डीजल पर वैट को लेकर लगातार ट्वीट करते थे, लेकिन अब मुख्यमंत्री बनने के बाद इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर वैट की दरें पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक हैं और सरकार आमजन को राहत देने में विफल रही है। जूली ने कहा कि जनता भाजपा सरकार के इस दोहरे रवैये को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


