More
    Homeराजस्थानजयपुरबल्लू गुर्जर को पैदल ले जाकर कराई गई जांच, अवैध संपत्तियों पर...

    बल्लू गुर्जर को पैदल ले जाकर कराई गई जांच, अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोजर

    सुनेल (झालावाड़)। प्लॉट पर अवैध कब्जा करने और जमीन छोड़ने के बदले 10 लाख रुपए की मोटी रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर को लेकर सुनेल थाना पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची। इस दौरान पुलिस को एक अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के कारण अचानक पुलिस की गाड़ी रास्ते में ही बंद हो गई, जिसके बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच पुलिसकर्मी आरोपी हिस्ट्रीशीटर को पैदल ही घटनास्थल तक लेकर गए और साक्ष्यों की तस्दीक कराई।

    गाड़ी खराब होने पर पैदल मार्च, पुलिस रिमांड पर है बल्लू गुर्जर

    थानाधिकारी (CI) विष्णु सिंह ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर फिलहाल मंगलवार तक पुलिस की रिमांड पर है। रिमांड के दौरान पुलिस इस पूरे रंगदारी मामले के हर पहलू और कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इसी सिलसिले में पुलिस टीम आरोपी को उस प्लॉट पर लेकर पहुंची थी, जहां उसने जबरन पत्थर डलवाकर कब्जा करने की कोशिश की थी। मौके पर तस्दीक की कार्रवाई चल ही रही थी कि पुलिस का वाहन खराब हो गया, जिसके चलते पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पैदल ही ले जाना पड़ा।

    पत्थर डालकर किया कब्जा, फिर मांगी 10 लाख की फिरौती

    इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब हिस्ट्रीशीटर बल्लू गुर्जर ने एक कीमती प्लॉट को निशाना बनाया। उसने अवैध तरीके से वहां पत्थर डलवा दिए और जमीन पर अपना दावा ठोक दिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कब्जा हटाने और प्लॉट खाली करने की एवज में 10 लाख रुपए की रंगदारी (फिरौती) मांग डाली। पीड़ित की शिकायत पर सुनेल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

    अपराधियों के खिलाफ महाअभियान, अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

    झालावाड़ जिले में इन दिनों अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ पुलिस प्रशासन का एक विशेष अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस उन अपराधियों की सूची तैयार कर रही है जिन्होंने जरायम की दुनिया से काली कमाई कर अवैध संपत्तियां खड़ी की हैं या सरकारी जमीनों पर कब्जे किए हैं। इसी कड़ी में पुलिस और प्रशासनिक अमले ने संयुक्त रूप से अपराधियों के अवैध निर्माणों को ढहाने की एक बड़ी योजना पर काम किया है।

    करोड़ों की सरकारी जमीन मुक्त, मलबे में तब्दील हुए आलीशान मकान और दुकानें

    प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई की जद में मुख्य आरोपी रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर और उसका भाई (हार्डकोर अपराधी) भेरू उर्फ भैरूलाल गुर्जर भी आ चुके हैं। इन दोनों भाइयों ने सुनेल-झालरापाटन मुख्य मार्ग पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की बेशकीमती सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके आलीशान मकान बना रखे थे। इसके अलावा एक अन्य हिस्ट्रीशीटर अर्जुन गुर्जर ने भी इसी मार्ग पर चार अवैध दुकानें तान दी थीं। प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाकर इन दोनों आलीशान मकानों और चारों दुकानों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। इलाके में माफियाओं के खिलाफ पुलिस की यह पैनी कार्रवाई लगातार जारी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here