कृष्ण लीला के भाव से सराबोर हुए श्रद्धालु, भजनों पर झूमीं महिलाएं
राजगढ़। कस्बे स्थित अवधूत दत्त आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान गुरुवार को सुदामा चरित्र एवं कृष्ण लीला का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा वाचक अमन भारती महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा के मिलन का ऐसा मार्मिक प्रसंग सुनाया कि पंडाल में मौजूद अनेक श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
कथा के दौरान महाराज ने बताया कि सच्ची मित्रता किसी स्वार्थ पर नहीं, बल्कि प्रेम, समर्पण और विश्वास पर आधारित होती है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सुदामा के चरणों को अश्रुओं से धोने के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि ईश्वर अपने भक्तों और सच्चे मित्रों के प्रति सदैव करुणामय रहते हैं।
इससे पूर्व अमन भारती महाराज ने दान की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार दान अवश्य करना चाहिए। दान करने से धन कम नहीं होता, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और पुण्य का संचार होता है।
कथा के बीच प्रस्तुत किए गए भक्ति भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। “हमें श्याम से मिला दो, अरदास है हमारी” तथा “चरणों में हमको रख लो, अपना हमें बना लो” जैसे भजनों की प्रस्तुति पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया और पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
महाराज ने अपने संदेश में कहा कि सच्चे मित्र और गुरु जीवन के हर कठिन मोड़ पर मार्गदर्शन करते हैं तथा सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर लायंस क्लब के खेम सिंह आर्य, वीरेंद्र दाधीच, बृजेंद्र सिंह बबेली, गिर्राज प्रजापत सहित शिव मंडल के कार्यकर्ताओं ने कथा वाचक अमन भारती महाराज का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में गायक कलाकार संजय राजस्थानी और उनकी संगीत टीम ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजकों के अनुसार शुक्रवार को कथा समापन के उपरांत प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


