वन राज्यमंत्री ने की भगवान श्री अरूट महाराज जी की जयंती समारोह में शिरकत कर शोभायात्रा को झण्डी दिखाकर किया रवाना
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शनिवार को विवेकानंद चौक स्थित पुरुषार्थी धर्मशाला में खत्री पंजाबी समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित भगवान श्री अरूट महाराज जयंती समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने भगवान श्री अरूट महाराज की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा भव्य शोभायात्रा को भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया।
राज्यमंत्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री अरूट महाराज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने समाज को एकता, मर्यादा और पुरुषार्थ का मार्ग दिखाया। भगवान अरूट महाराज हिंदू-सिख एकता तथा सामाजिक सौहार्द के सशक्त प्रतीक हैं, जिनकी शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा प्रदान करती हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि खत्री पंजाबी समाज ने देश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, व्यापार और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह समाज सदैव सेवा, समर्पण और पुरुषार्थ की भावना के साथ आगे बढ़ता रहा है।
राज्यमंत्री ने वर्तमान समय में जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ चला रही है। उन्होंने आमजन से जल की प्रत्येक बूंद बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समारोह में जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, खत्री पंजाबी समाज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेरू विंग, समिति अध्यक्ष दीपक नागपाल, डॉ. अमित छाबड़ा, पंकज मल्होत्रा, महेश खत्री, गुलशन ग्रोवर, चरनजीत सुनेजा, दौलतराम हजरती, सौरभ कालरा, यश तलवार, उत्कर्ष अरोड़ा, सतीश भाटिया, प्रेम गांधी, राजेंद्र आहूजा, ओमप्रकाश कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जयंती समारोह के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


