फैक्ट्री से लौट रहे युवक की हादसे में मौत, घर में पसरा मातम
तिजारा। शेकपुर क्षेत्र में शनिवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान राईखेड़ा निवासी अमन कुमार पुत्र चुन्नीलाल के रूप में हुई है। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि वह घर का प्रमुख सहारा था।

जानकारी के अनुसार अमन कुमार टपूकड़ा स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था। शनिवार रात वह ड्यूटी पूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ईशरोदा के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक के भाई अखिलेश ने बताया कि अमन परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था और उसकी असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अमन अविवाहित था और अपने माता-पिता का प्रमुख सहारा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है तथा हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

