विभिन्न योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी उपखंड अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री अभियान के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित पेंशन सत्यापन प्रकरणों को आगामी एक सप्ताह में पूर्ण करने तथा तिजारा खंड में सर्वाधिक लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करने को कहा।
जनगणना और विकास कार्यों की समीक्षा पर जोर
जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने टपूकड़ा, नगर पालिका टपूकड़ा एवं नगर परिषद भिवाड़ी क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को नियमित रूप से पटवारियों की बैठक आयोजित करने तथा सीएलएफ भवनों के चिन्हीकरण के लिए क्षेत्र भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग की सड़कों के डिमार्केशन कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
वंदे गंगा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने समर कंटीजेंसी योजना से संबंधित शेष एक कार्य को विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल और भूमि आवंटन मामलों पर भी चर्चा
संपर्क पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जिला स्तर पर पुनः खोले गए प्रकरणों में परिवादियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जीएसएस एवं चंबल परियोजना से संबंधित भूमि आवंटन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उप अधीक्षक लालसिंह यादव, उप अधीक्षक तिजारा शिवराज, सहायक निदेशक वेद प्रकाश सैनी, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी ओमप्रकाश किराड, संयुक्त निदेशक वीरेंद्र त्यागी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, उपनिदेशक उद्यानिकी गोपाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारी एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


