लगातार बाइक चोरी की वारदातों से बढ़ी चिंता, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइक चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाएं सामने आने के बाद आमजन में भय और चिंता का माहौल बन गया है। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है।

ताजा मामला सोनिया चिल्ड्रन हॉस्पिटल के बाहर का है, जहां ककराली निवासी जुबेर खान अपने एक रिश्तेदार को खाना देने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए। कुछ समय बाद लौटने पर उनकी बाइक मौके से गायब मिली।
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने डायल-100 पर सूचना दी तथा कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी हुई मोटरसाइकिल का नंबर RJ02DK5513 बताया गया है।
इसके अलावा अंबेडकर सर्किल के पास से भी एक मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना सामने आई है। वहीं तीसरी वारदात भी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक अन्य स्थान पर हुई। एक ही दिन में तीन बाइक चोरी की घटनाओं ने शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह की आशंका को और मजबूत कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और अस्पतालों के बाहर खड़े वाहनों को चोर आसानी से निशाना बना रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद शहरवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

