मारपीट मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप, टावर के नीचे जुटे ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े
थानागाजी। थाना क्षेत्र के आगर गांव में मारपीट के एक मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए एक युवक गुरुवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

जानकारी के अनुसार युवक सुबह करीब 7 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि मारपीट की घटना के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया।
घटना के विरोध में आगर गांव का बाजार भी बंद कर दिया गया। टावर के नीचे हजारों की संख्या में महिला-पुरुष एकत्र होकर कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष पर ही दबाव बनाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों के अनुसार 6 जून को गांव में आयोजित होने वाले विशाल श्याम जागरण को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी क्रम में पीड़ित युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद से मामला लगातार गरमाया हुआ है।
सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। समाचार लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उससे बातचीत कर रहे थे।
मामले को लेकर थानागाजी थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला दर्ज है तथा प्रकरण की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि इसी मामले को लेकर युवक टावर पर चढ़ गया, जिसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

