पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण और हरित कोष संवर्धन पर रहेगा विशेष जोर
अलवर। लगातार बढ़ते प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के प्रति जनजागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर ‘आओ पेड़ लगाएं’ लोक अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
यह अभियान गांधी स्वास्थ्य सदन समिति, अमन भारती विकास संस्थान माहौंद, विवेकानंद नवयुवक मंडल तथा राजर्षिग्राम रावण देवरा सहित विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे ग्राम माहौंद, तहसील किशनगढ़बास (अलवर) से होगा।
अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सायं 3:00 बजे राजर्षिग्राम रावण देवरा में होगा, जहां “अपना गांव-अपना वन, हरा-भरा हो वन-आंगन” तथा “कुटीर हरित कोष संवर्धन” अभियान के तहत फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम के सलाहकार एवं पर्यावरणविद् प्रो. एम.पी.एस. चंद्रावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।
उन्होंने बताया कि बहुआयामी कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथि, पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे। अभियान के माध्यम से लोगों को अधिकाधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

