समीक्षा बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन और राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के दिए निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों तथा समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, हरियालो राजस्थान, एचपीवी वैक्सीनेशन, लंबित राजस्व प्रकरणों एवं प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व अधिकारी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के कार्यालय एवं आवासीय भवनों के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में राजस्व वादों के निस्तारण, जीसीएमएस पोर्टल की स्थिति, भूमि संपरिवर्तन प्रकरण, आम रास्ते, सीमाज्ञान और कुर्रेजात रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित राजस्व मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पौधारोपण लक्ष्य के अनुरूप गड्ढों की खुदाई, नर्सरियों में पौध तैयार करने और अन्य तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वैक्सीनेशन स्थलों पर बैठने, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अभिभावकों के माध्यम से एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम योगेश डागुर, उपखंड अधिकारी अलवर माधव भारद्वाज, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


