आईपीएल 2026 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम करने के कुछ ही दिनों बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का एक बड़ा बयान सामने आया है। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से धूल चटाकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के बाद कोहली ने फ्रेंचाइजी और फैंस के लिए सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर की है। उन्होंने एक खास वीडियो साझा करते हुए पूरे सीजन के उतार-चढ़ाव और टीम की एकजुटता की जमकर तारीफ की।
यह सफलता बेहद खास है, यह जगह मेरा घर है: कोहली
दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, 'हमने इस सीजन की शुरुआत एक अटूट विश्वास के साथ की थी और इसका अंत लगातार दूसरी ट्रॉफी के साथ हुआ। इस पूरी यात्रा में टीम ने हर उतार-चढ़ाव, दबाव और चुनौतियों का मिलकर सामना किया। हमारे फैंस का सपोर्ट हमेशा की तरह कमाल का रहा। यह खिताबी जीत मेरे लिए इसलिए भी सबसे खास है, क्योंकि आरसीबी अब सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि मेरा घर बन चुकी है।'
फाइनल के महामुकाबले में चमके किंग कोहली
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम आरसीबी की घातक गेंदबाजी के आगे निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर महज 155 रन ही बना सकी। जवाब में आरसीबी ने 18 ओवरों में ही 5 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस खिताबी जीत के सबसे बड़े हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने महज 42 गेंदों में 9 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
गेंदबाजों ने बरपाया कहर, वॉशिंगटन सुंदर की फिफ्टी बेकार
गुजरात टाइटंस की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने अकेले लड़ाई लड़ते हुए नाबाद 50 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। आरसीबी की तरफ से रसिख दार सलाम ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की कमर तोड़ दी।
पूरे सीजन में गरजता रहा विराट का बल्ला
विराट कोहली के लिए आईपीएल 2026 का यह सीजन बेहद शानदार रहा। वह इस टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। कोहली ने खेली गई 16 पारियों में 56.25 के बेहतरीन औसत और 165.84 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट से कुल 675 रन कूटे। इस दौरान उनके बल्ले से एक शानदार शतक और पांच अर्धशतक भी निकले, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 105 रन रहा। लगातार दूसरी बार चैंपियन बनकर आरसीबी ने जहां आईपीएल में अपना दबदबा साबित किया है, वहीं कोहली के इस संदेश ने करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया है।

