तंबाकू बिक्री पर बनेगा उपनियम, सफाई संसाधनों की खरीद को भी मिली स्वीकृति
खेड़ली। नगर पालिका खेड़ली की बोर्ड बैठक गुरुवार को पालिका कार्यालय में पालिका अध्यक्ष संजय गीजगड़िया की अध्यक्षता एवं क्षेत्रीय विधायक रमेश खींची की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने, सफाई व्यवस्था के लिए संसाधन जुटाने, पुराने वाहनों की नीलामी और तंबाकू बिक्री पर उपनियम बनाने जैसे कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
ड्रेनेज व्यवस्था के लिए पास हुई बड़ी वित्तीय स्वीकृति
पालिका ईओ नरसीलाल मीणा द्वारा बैठक में बताया गया कि कस्बे के ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए नए नालों के निर्माण प्रस्तावित हैं, जिन पर निम्नलिखित खर्च अनुमानित है:
हाई स्कूल से अहिंसा सर्किल तक नाला निर्माण – ₹55 लाख
अहिंसा सर्किल से पेपर मील तक नाला – ₹70 लाख
शमशान घाट रोड से सहजपुरा तक नाला – ₹55 लाख
सेड के मढ़ से सौखर पोखर तक नाला – ₹70 लाख
अहिंसा सर्किल से दारोदा तक कच्चा नाला – ₹17 लाख
इन सभी प्रस्तावों को बोर्ड की सर्वसम्मति से वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
सफाई संसाधनों की खरीदी व ठेका भी स्वीकृत
बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए JCB मशीन, कचरा संग्रहण के छोटे वाहन, कचरा पात्र आदि खरीदने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा, नगर को दो भागों में बांटकर सफाई कार्य हेतु ₹65 लाख और कार्यालय के लिए मैनपावर हेतु ₹33.50 लाख का ठेका भी स्वीकृत किया गया।
तंबाकू बिक्री पर उपनियम तैयार करने का निर्णय
बैठक में कस्बे में खुलेआम तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष उपनियम बनाने का निर्णय लिया गया, जिसे आगामी बोर्ड बैठकों में विधिवत रूप से लागू किया जाएगा।
विकास के लिए सभी का सहयोग जरूरी: विधायक
बैठक में विधायक रमेश खींची ने कहा कि खेड़ली के विकास एवं सौंदर्यकरण के लिए सभी पार्षदों, अधिकारियों एवं जनता को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने पारित प्रस्तावों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे कस्बे की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
बैठक में ये पार्षद रहे उपस्थित:
संदेश खंडेलवाल (उपाध्यक्ष), वीरेंद्र नरूका, हरवीर गुर्जर, राजकुमार जैन, जितेंद्र मीणा, महावीर गौतम, चंद्रकांता शर्मा, दर्शना जैन, गीता अग्रवाल, गीता खंडेलवाल, प्रीति रानी, मुरारी सैनी, साहिल बंसल, दीपक सैनी, दीपेंद्र नरूका, महेश जैन, चिनेश कंसल सहित अन्य पार्षदगण बैठक में मौजूद रहे।


