लखनऊ: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी आज पूरे उत्तर प्रदेश में एक बड़ा अभियान चला रही है। बुधवार को राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों के किसी न किसी प्रमुख मंदिर में भाजपा नेता और कार्यकर्ता विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना की जाएगी।
पंकज चौधरी काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे पूजन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी इस अभियान के तहत वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन करेंगे। मंदिर जाने से पहले वह लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय में बच्चों को कपड़े और फल बांटकर सेवा कार्य की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में जाकर माथा टेकेंगे।
'12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' अभियान का शेड्यूल
भाजपा इस समय '12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' नाम से महाभियान चला रही है। इसके तहत आने वाले दिनों में निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
14 जून तक: पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया जाएगा।
14 से 16 जून: आम जनता की मदद और योजनाओं की जानकारी देने के लिए जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे।
16 और 17 जून: जिला स्तर पर 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' का आयोजन होगा।
21 जून तक: केंद्र और राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धियों को दिखाने के लिए जगह-जगह प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और प्राकृतिक खेती पर वर्कशॉप आयोजित होंगी।
21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस): उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में योग दिवस पर विशेष और भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।


