मालूताना से ग्रामीण सेवा शिविर, 15 जुलाई तक हर ग्राम पंचायत में होगा आयोजन
अलवर। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थानागाजी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मालूताना से ग्रामीण सेवा शिविरों का शुभारम्भ किया गया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शिविर में आमजन की परिवेदनाएं सुनीं, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए 15 जुलाई तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के साथ समाधान शिविर भी आयोजित होंगे, ताकि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।
22 विभागों की सेवाएं मिलेंगी एक ही स्थान पर
डॉ. शुक्ला ने बताया कि राज्य सरकार ने कई प्रशासनिक शक्तियां उपखंड स्तर तक हस्तांतरित की हैं, जिससे शिविरों में ही अनेक कार्यों का मौके पर निस्तारण संभव हो सकेगा। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से एक दिन पहले संबंधित ग्राम पंचायत में पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी आमजन की समस्याओं को सूचीबद्ध कर अधिकांश मामलों का समाधान समय रहते सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश कुछ प्रकरण शिविर समाप्ति तक लंबित रह जाते हैं तो विभागवार सूची तैयार कर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
राजस्व से लेकर स्वास्थ्य तक मिलेंगी सुविधाएं
ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, खातों का विभाजन, सीमाज्ञान, प्रमाण-पत्र जारी करने, अतिक्रमण संबंधी मामलों और अन्य राजस्व कार्यों का निस्तारण किया जाएगा। वहीं ग्रामीण विकास विभाग प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वयं सहायता समूहों और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाएगा।
पंचायती राज विभाग स्वच्छता, पट्टा वितरण, भूखंड आवंटन और जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, कैंसर एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी जांच और आयुष्मान भारत कार्ड वितरण करेगा। पशुपालन विभाग पशु स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित सेवाएं प्रदान करेगा। इसके अलावा अन्य विभाग भी अपनी प्रमुख योजनाओं का लाभ शिविर में उपलब्ध कराएंगे।
लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी हनुमान सहाय जांगिड़, तारबंदी योजना के लाभार्थी ग्यारसा राम, फार्म पॉन्ड योजना के लाभार्थी गिर्राज प्रसाद शर्मा एवं बचन सिंह शेखावत तथा हाईटेक कृषि के अंतर्गत पॉलीहाउस योजना के लाभार्थी संतोष कुमार सहित कई लोगों को प्रमाण-पत्र एवं अन्य लाभ प्रदान किए गए।
लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आर्थिक मजबूती मिली है और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने अन्य पात्र ग्रामीणों से भी जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सविता शर्मा, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा, सीडीईओ महेश गुप्ता, आईसीडीएस के उप निदेशक महेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


