More
    Homeखेलइंग्लैंड की शानदार जीत, डैनी व्याट-हॉज और फ्रेया केम्प ने बनाए खास...

    इंग्लैंड की शानदार जीत, डैनी व्याट-हॉज और फ्रेया केम्प ने बनाए खास रिकॉर्ड

    मेजबान इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विजयी शुरुआत की है। शुक्रवार को खेले गए इस उद्घाटन मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो उसके लिए बेहद भारी साबित हुआ। इंग्लैंड की सलामी जोड़ी एमी जोन्स और डैनी व्याट-हॉज ने मैदान पर आते ही चौके-छक्कों की बरसात कर दी। दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में महज 1 विकेट खोकर 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह महिला टी20 विश्व कप के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर है। इससे पहले भी यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के ही नाम था, जब उन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 213 रन बनाए थे।

    विशाल लक्ष्य के दबाव में श्रीलंकाई टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 20 ओवरों में केवल 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह इंग्लैंड ने 87 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

    पहले ही मैच में खुली श्रीलंकाई बल्लेबाजी की पोल

    220 रनों के असंभव से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम शुरुआत से ही इंग्लिश गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई। पूरी टीम में से केवल चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। मध्यक्रम में नीलक्षिका सिल्वा ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए, जबकि हर्षिता समरविक्रमा ने 29, कविशा दिलहारी ने 19 और हंसिमा करुणारत्ने ने 11 रनों का योगदान दिया। कप्तान चामरी अट्टापट्टू (4) सहित टीम की बाकी स्टार बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहीं, जिसके कारण श्रीलंका को एक करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।

    डेब्यू मैच में ही चमकीं युवा गेंदबाज फ्रेया केम्प

    इस मुकाबले में इंग्लैंड की ओर से अपना पहला टी20 विश्व कप मैच खेल रही युवा गेंदबाज फ्रेया केम्प ने अपनी कड़क गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में सिर्फ 22 रन देकर श्रीलंका के 4 मुख्य बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही वह महिला टी20 विश्व कप के अपने डेब्यू मैच में 4 विकेट चटकाने वाली इंग्लैंड की तीसरी गेंदबाज बन गई हैं। उनसे पहले हॉली कोल्विन और डैनी व्याट-हॉज यह कारनामा कर चुकी हैं।

    एमी और डैनी के बीच रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी

    इससे पहले, इंग्लैंड की पारी को शुरुआती मजबूती देने का काम एमी जोन्स और डैनी व्याट-हॉज ने किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 13.4 ओवरों में 135 रनों की तूफानी साझेदारी की। इस साझेदारी को श्रीलंकाई गेंदबाज मालकी मदारा ने तोड़ा, जब उन्होंने जोन्स (53 रन, 38 गेंद) को कैच आउट कराया। यह साझेदारी महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड की ओर से दूसरी सबसे बड़ी और ओवरऑल पहले विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी दर्ज की गई है।

    डैनी व्याट-हॉज का नाबाद शतक

    जोन्स के आउट होने के बाद डैनी व्याट-हॉज ने कप्तान नैट शीवर-ब्रंट के साथ मिलकर रनों की रफ्तार को और तेज कर दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए महज 39 गेंदों में 84 रनों की अटूट साझेदारी की। इस दौरान शानदार बल्लेबाजी कर रहीं डैनी ने अपना शतक पूरा किया। वह महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में सेंचुरी लगाने वाली दुनिया की सातवीं बल्लेबाज बन गई हैं। डैनी 62 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 105 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कप्तान ब्रंट ने 22 गेंदों में 46 रनों की आतिशी पारी खेली।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here