15 जून के सेवा शिविर में योजनाओं का लाभ और समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
अलवर। राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से 15 जून को जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाएगा।

15 जून को इन वार्डों में लगेंगे शहरी सेवा शिविर
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 5 एवं 6 के अलावा नगर पालिका बड़ोदामेव (वार्ड 3 व 4), खेड़ली (वार्ड 2), बहादुरपुर (वार्ड 2), रामगढ़ (वार्ड 3 व 4), नौगांवा (वार्ड 2), कठूमर (वार्ड 2), थानागाजी (वार्ड 2), मालाखेड़ा (वार्ड 2), गोविंदगढ़ (वार्ड 2), लक्ष्मणगढ़ (वार्ड 2) तथा राजगढ़ (वार्ड 3 व 4) में शहरी सेवा शिविर आयोजित होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में इन पंचायतों पर होगा आयोजन
15 जून को अलवर तहसील की देसूला, गोविंदगढ़ की सेमलाखुर्द, कठूमर की ईसरोता एवं बहतुकलां, लक्ष्मणगढ़ की गोठड़ा एवं नारनौरखुर्द, मालाखेड़ा की माधोगढ़, नौगांवा की हाजीपुर, रामगढ़ की बाम्बोली, थानागाजी की द्वारापुर, टहला की कुंडला एवं तालाब तथा रैणी की सैंथल ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
एक ही स्थान पर मिलेंगी अनेक विभागों की सेवाएं
ग्रामीण शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, वन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें नामांतरण, खातों का शुद्धिकरण, प्रमाण-पत्र जारी करना, भूमिहीनों को भूमि आवंटन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूह, आयुष्मान कार्ड, मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पशु स्वास्थ्य शिविर तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
शहरी शिविरों में होंगे ये प्रमुख कार्य
शहरी सेवा शिविरों में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट सुधार, नालियों और सीवर लाइन की मरम्मत, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, पट्टा संबंधी प्रकरणों का निस्तारण तथा विभिन्न जनहित योजनाओं के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही पीएम स्वनिधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बकाया राशि जमा करने पर मिलेगी विशेष छूट
अभियान के दौरान लीज राशि, फ्री होल्ड, लीज मुक्ति, नामांतरण शुल्क तथा ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी श्रेणी के आवंटियों के मामलों में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की ब्याज एवं शास्ति छूट का लाभ भी दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य वर्षों से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर नागरिकों को राहत प्रदान करना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

