More
    Homeराजस्थानअलवरमालाखेड़ा में जमीन विवाद में चली गोली, खेत पर पहुंचे युवक की...

    मालाखेड़ा में जमीन विवाद में चली गोली, खेत पर पहुंचे युवक की हालत गंभीर

    जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, गोली लगने के बाद युवक जयपुर रेफर

    अलवर। जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बडेर में जमीन विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। खेत में जुताई करने पहुंचे एक युवक को कथित रूप से गोली मार दी गई, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया।

    घायल गजेंद्र सिंह के अनुसार वह अपने खेत में जुताई करने पहुंचा था। इसी दौरान जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के बीच उसके चाचा-ताऊ के लड़के विजेंद्र सिंह, मदन सिंह, प्रीतम सिंह और मनवीर सिंह मौके पर आ गए। आरोप है कि कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी।

    पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय आरोपित पक्ष के साथ परिवार की कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं।

    गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल को तत्काल अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

    मालाखेड़ा थाना प्रभारी हरदयाल सिंह ने बताया कि दो भाइयों के बीच जमीन विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर रही है और जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here