सेवा शिविरों में आवेदन की सुविधा, युवाओं को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का अवसर
अलवर। अनुजा निगम द्वारा संचालित पीएम-अजय योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण के इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। राज्य सरकार द्वारा आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों में पात्र व्यक्ति आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सेवा शिविरों में कौशल एवं रोजगार मेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों को स्वरोजगार एवं दक्षता विकास प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवा प्रशिक्षण के लिए शिविरों में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अनुसूचित जाति के बेरोजगार व्यक्तियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत होने के बाद अनुजा निगम की ओर से ऋण राशि का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 50 हजार रुपये तक का अनुदान लाभार्थी के खाते में उपलब्ध कराया जाता है।
इच्छुक आवेदक राज्य सरकार के जनकल्याण सेवा शिविरों में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की स्टॉल पर जाकर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के बाद आवेदन वहीं जमा किए जा सकते हैं।
आवेदन के साथ आधार कार्ड, जनाधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और आय प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

