कार्यकर्ताओं संग संवाद बना केंद्र, टिफिन बैठक में विकास और जनसरोकारों पर हुई चर्चा
अलवर। भारतीय जनता पार्टी के केशव मंडल (अलवर-दक्षिण) की ओर से अंबेडकर नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित टिफिन बैठक में संगठनात्मक संवाद और विकास संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय वातावरण में बैठकर भोजन किया और उनके सुझाव सुने।
बैठक की विशेषता यह रही कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों से टिफिन लेकर पहुंचे और एक परिवार की तरह सामूहिक भोजन करते हुए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ अलवर शहर के विकास, जनसुविधाओं, स्थानीय समस्याओं और आमजन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, आवश्यकताओं और जनभावनाओं को मंत्री के समक्ष रखा। वन मंत्री संजय शर्मा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के अनुभव और सुझाव विकास कार्यों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनसंपर्क के बल पर मजबूत हुआ है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल बैठक करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी बातों को समझना भी है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करते हैं।
बैठक का माहौल सकारात्मक और सहभागितापूर्ण रहा, जहां सामूहिक भोजन के साथ-साथ विचारों का आदान-प्रदान हुआ और अलवर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


