स्वास्थ्य के लिए योग का संदेश, जैन वाटिका में जुटेंगे सैकड़ों प्रतिभागी
अलवर। दिगम्बर जैन महासमिति युवा प्रकोष्ठ, अलवर के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जैन वाटिका, नसिया जी में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातः 5:15 बजे से 7:30 बजे तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक बनवारीलाल सिंघल उपस्थित रहेंगे। भारतीय योग संस्थान (पंजीकृत), अलवर के सहयोग एवं मार्गदर्शन में महिला योग प्रशिक्षक रचना चौधरी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का प्रशिक्षण देंगी।
“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, योग सबके लिए” रहेगा मुख्य संदेश
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, योग सबके लिए” निर्धारित की गई है। आयोजन के दौरान योग के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति, रोग प्रतिरोधक क्षमता, सकारात्मक सोच और आत्म-अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
समय से पहुंचने की अपील
संस्था ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है। प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ योग मैट अथवा चादर तथा पानी की बोतल लेकर आएं और कार्यक्रम प्रारंभ होने से कम से कम 10 मिनट पूर्व स्थल पर पहुंचें।
अल्पाहार की भी रहेगी व्यवस्था
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। इस आयोजन को स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सद्भाव और आंतरिक शांति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

