योग शिविर के समापन अवसर पर प्रेरणादायक सत्र, सम्मान समारोह और अनुभव साझा करेंगे प्रतिभागी
अलवर। भार्गव सभा, अलवर एवं भार्गव महिला सभा, अलवर के सानिध्य एवं सहयोग से भार्गव युवा संघ, अलवर द्वारा आयोजित 8 दिवसीय निःशुल्क योग एवं ध्यान शिविर का भव्य समापन समारोह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 7 बजे भार्गव आश्रम, अलवर में आयोजित किया जाएगा।
भार्गव युवा संघ की अध्यक्ष श्रीमती अनुमेहा भार्गव एवं सचिव श्रीमती दीपशिखा भार्गव ने बताया कि समापन समारोह के अंतर्गत “खुशी बाहर नहीं, भीतर है – स्ट्रेस से फ्रीडम तक का सफर” विषय पर विशेष प्रेरणादायक सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में आर्ट ऑफ लिविंग, अलवर के शिक्षक श्री दीपेंद्र चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे और तनावमुक्त एवं संतुलित जीवनशैली के लिए उपयोगी मार्गदर्शन देंगे।
प्रतिभागी साझा करेंगे अपने अनुभव
समारोह के दौरान आठ दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर में शामिल प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के उद्बोधन, उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान तथा योग के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया जाएगा।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग एवं ध्यान के इस प्रेरणादायी आयोजन का लाभ उठाने और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

