शहीदी दिवस पर श्री गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धांजलि, पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पौधा लगाने का किया आह्वान
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर अलवर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरूसिंह सभा पहुंचकर मत्था टेका और वाहेगुरु जी से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारियों के साथ शहीद भगतसिंह पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
राज्यमंत्री शर्मा ने गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे सिख इतिहास के प्रथम शहीद थे, जिन्होंने धर्म, मानवता और सत्य की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। इसी कारण उन्हें श्रद्धापूर्वक ‘शहीदों के सरताज’ के रूप में स्मरण किया जाता है।
युवाओं को प्रेरणा लेने का संदेश
उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी के आदर्श, त्याग और बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवा पीढ़ी उनके बताए मार्ग का अनुसरण कर अपने जीवन में अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों को अपनाते हुए अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकती है।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान शहीद भगतसिंह पार्क में पौधारोपण करते हुए शर्मा ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ें और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधारोपण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


