श्रुत पंचमी महापर्व की पूर्व संध्या पर निकली जिनवाणी यात्रा, धर्म संदेश से हुआ वातावरण भक्तिमय
अलवर। दिगम्बर जैन संत मुनि विनम्र सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में गुरुवार सुबह अलवर में भव्य जिनवाणी पालकी एवं समोशरण रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने जिनवाणी का अभिनंदन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
जैन पत्रकार महासंघ, अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि यात्रा प्रातः लगभग 5:30 बजे स्कीम नंबर 10 स्थित जैन भवन से रवाना हुई। बैण्ड की धार्मिक धुनों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़े तथा मार्ग में अनेक स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
जैन भवन से प्रारंभ होकर यात्रा अंबेडकर सर्किल और भगत सिंह सर्किल होते हुए पुनः जैन भवन पहुंची। अलसुबह निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों के साथ अन्य नागरिक भी शामिल हुए और मार्ग में खड़े होकर दर्शन किए।
शोभायात्रा के समापन के बाद मुनि विनम्र सागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि मानव जीवन केवल सांसारिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि धर्म संचय और आत्मकल्याण के लिए भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जीवन में किसी भी परिस्थिति में पाप कर्मों से समझौता न करें और सदाचार के मार्ग पर चलें।
इस अवसर पर शास्त्र भेंट कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने जिनागम ग्रंथ भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुनि विनम्र सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में शुक्रवार 19 जून को श्रुत पंचमी महापर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष रूप से विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।
स्कीम नंबर 10 स्थित जैन भवन में विराजमान मुनि संघ की आहार चर्या भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन प्रातः बड़ी संख्या में श्रद्धालु पड़गाहन के लिए पहुंचते हैं और अत्यंत अनुशासित वातावरण में इस धार्मिक प्रक्रिया के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


