निर्जला एकादशी पर सेवा कार्य में श्याम नव युवा मंडल के युवाओं ने निभाई अहम भूमिका
कठूमर, 25 जून। उपखंड क्षेत्र के टिटपुरी गांव में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्याम नव युवा मंडल टिटपुरी के युवाओं ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए शीतल एवं मीठे जल की प्याऊ लगाई। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा कार्य से राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्याऊ पर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों को ठंडा मीठा जल पिलाया। निर्जला एकादशी के दिन स्वयं जल ग्रहण न करने का संकल्प रखते हुए दूसरों की प्यास बुझाने के इस प्रयास की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
इस पुण्य कार्य में रवि खंडेलवाल, चंद्रभान, हेमराज, लोकेश, रमन, अजय यादव, मनीष, गोविंद, गिरधारी, योगेश, धीरज, फूल सिंह, सोनू, रविंदर, मुकेश और रवि जैन सहित श्याम नव युवा मंडल के अनेक युवा साथियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी युवाओं ने तन, मन और धन से सहयोग करते हुए सेवा कार्य को सफल बनाया।
गांव के बुजुर्गों एवं राहगीरों ने मंडल के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए युवाओं को आशीर्वाद दिया। उनका कहना था कि वर्तमान समय में जहां अनेक युवा गलत राह की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं टिटपुरी के युवाओं ने सेवा और समाजहित का मार्ग चुनकर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
श्याम नव युवा मंडल टिटपुरी इससे पूर्व भी रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाता रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी मंडल इसी प्रकार समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


